कानपुर के केशवपुरम में सिलेंडर चौराहा और वहां स्थापित पृथ्वीराज चौहान के स्मारक को तोड़ने का मामला अब नगर निगम तक पहुंच गया है। विरोध में पहुंचे स्थानीय लोगों ने महापौर कार्यालय में जमकर हंगामा किया। इस दौरान भाजपा पार्षद कौशल मिश्रा से भीड़ की तीखी बहस हुई। लोगों ने पार्षद को जूता दिखाया और पानी की बोतल भी फेंकी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि 13 नवंबर को बिना पूर्व सूचना के JCB से चौराहे और स्मारक को ध्वस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि चार साल पहले ही नगर निगम ने इस चौराहे को बनाने में छह लाख रुपये खर्च किए थे, जबकि अब 10 लाख रुपये से सुंदरीकरण की बात कही जा रही है। महापौर प्रमिला पांडेय ने ज्ञापन मिलने के बाद मामले की जांच के आदेश दिए हैं।